Roman Legion: The Terrifying Army of Ancient Rome That Made the World Tremble

रोमन लीजन: प्राचीन दुनिया की सबसे अनुशासित सेना और आधुनिक मिलिट्री साइंस की कहानी

युद्ध के मैदान में सेनापतियों की चिल्लाहट से पहले ही हज़ारों सैनिकों के एक साथ कदमताल करने की गूँज सुनाई देने लगती थी। इस भारी आवाज़ से ही दुश्मन समझ जाते थे कि 'रोमन लीजन' (Legion) करीब आ चुकी है।

एक छोटे से खेती-किसानी वाले गाँव से शुरू होकर पूरे भूमध्य सागरीय इलाके (Mediterranean Region) पर छा जाने वाला रोम साम्राज्य केवल अपने राजाओं के दम पर नहीं बना था। इसकी असली ताकत थी इस लीजन का कड़ा अनुशासन ।

तमाम राजाओं के पास रोम से भी बड़ी फौजें थीं, फिर भी रोमन सेना का पलड़ा हमेशा भारी रहा। इसकी वजह थी–मॉडर्न साइंस, काम का सही बंटवारा और बेहतरीन लॉजिस्टिक्स । हज़ार साल पहले तैयार की गई उनकी यही युद्ध नीतियाँ आज की आधुनिक सेनाओं में भी नज़र आती हैं। जानिए उनके शक्तिशाली होने का असली कारण।

टीम मैनेजमेंट और चेन ऑफ कमांड

विशाल सेना को बिना किसी अव्यवस्था के चलाने के लिए रोम के जनरलों ने एक खास सिस्टम बनाया था। उन्होंने अपनी पूरी सेना को पिरामिड की तरह स्ट्रक्चर्ड किया था।

इसकी शुरुआत होती थी कॉन्ट्यूबर्नियम (Contubernium) से, जो सिर्फ 8 सैनिकों की सबसे छोटी यूनिट होती थी। ये जवान एक ही टेंट में रहते, साथ खाना बनाते और युद्ध में एक-दूसरे का बचाव करते थे। आज की मॉडर्न मिलिट्री का स्कॉड इसी का रूप है। ऐसे ही 10 कॉन्ट्यूबर्नियम यानी 80 सैनिकों को मिलाकर एक सेंचुरी (Centuria) बनती थी, जिसकी कमान सेंचुरियन के हाथ में होती थी। नाम सेंचुरी होने के बावजूद मैनेजमेंट की आसानी के लिए इसमें 80 सैनिक ही रखे जाते थे।

आगे चलकर 6 सेंचुरी मिलाकर 480 सैनिकों का एक कोहोर्ट (Cohort) बनता था, जो आज के बटालियन जैसा काम करता था। और अंत में, ऐसे 10 कोहोर्ट मिलकर एक पूरा लीजन (Legion) बनाते थे, जिसमें लगभग 5,000 प्रोफेशनल सैनिक होते थे। इस परफेक्ट चेन ऑफ कमांड की वजह से टॉप कमांडर का एक छोटा सा ऑर्डर भी बिना किसी गलती के पल भर में पूरी सेना तक पहुँच जाता था।

कड़ी ट्रेनिंग, 'रक मार्च' और अनुशासन

रोमन सेनाओं का मानना था कि युद्ध के मैदान से ज़्यादा मुश्किल अभ्यास होना चाहिए। किसी भी नए सैनिक को भर्ती करने के बाद उसे रोज़ 30 किलो का भारी बैग और सामान पीठ पर लादकर 20 मील चलने की ट्रेनिंग दी जाती थी। रोमन इतिहासकार वेगेटियस (Vegetius) ने लिखा भी था कि रोमन सैनिक सिर्फ हथियार चलाने से ज़्यादा सही तरीके से मार्च करने पर ज़ोर देते थे।

आज की मॉडर्न आर्मी में भी यह परंपरा ज़िंदा है। दुनिया की किसी भी सेना में पीठ पर 30 से 40 किलो का वज़न उठाकर 20-30 मील चलने की जो ट्रेनिंग दी जाती है, उसे मिलिट्री भाषा में रक मार्च (Ruck Marching) या टैब (TAB) कहा जाता है। यह सीधे रोमन लीजन से ही ली गई है। उनका एक मशहूर नियम था–जितनी सख्त और पसीने से भरी ट्रेनिंग होगी, युद्ध में उतना ही कम खून बहेगा।

हालाँकि, इस अनुशासन के पीछे डेसीमेशन (Decimation) जैसी खौफनाक प्रथा भी थी। अगर कोई टुकड़ी युद्ध में डरकर भाग जाती, तो लॉटरी से हर 10 में से 1 सैनिक को चुनकर बाकी साथियों से ही उसे पिटवाकर मरवा दिया जाता था।

साधारण हथियारों के पीछे की शानदार साइंस

रोमन सैनिकों के हथियारो की बात करे तो वो सब बहुत ही साइंटिफिक सोच के साथ डिज़ाइन किए गए थे। उनके पास सिर्फ 18 से 24 इंच लंबी, दोधारी छोटी तलवार होती थी जिसे ग्लैडियस (Gladius) कहा जाता था। इसे दुश्मन के पेट में सीधे घोंपने के लिए बनाया गया था। आज बंदूक के आगे बायोनेट (Bayonet) लगाकर आमने-सामने की लड़ाई करने का कॉन्सेप्ट इसी से आया है।

इसके अलावा, उनके पास पाइलम (Pilum) नाम का एक खास भाला होता था, जिसका आगे का हिस्सा नरम लोहे का था। दुश्मन की ढाल पर लगते ही यह मुड़ जाता था, जिससे दुश्मन इसे खींचकर निकाल नहीं पाता था और भारी ढाल बेकार हो जाती थी। वहीं उनकी बड़ी मुड़ी हुई ढाल स्कूटम (Scutum) के बीच में लोहे का भारी हिस्सा अंबो (Umbo) होता था, जिससे सैनिक दुश्मन के चेहरे या छाती पर सीधे वार करके उसे पीछे ढकेल देते थे।

युद्ध के मैदान की आधुनिक तकनीकें

सिर्फ हथियार ही नहीं, युद्ध के मैदान में बढ़त बनाने के लिए रोमन सैनिक जिन तकनीकों का इस्तेमाल करते थे, वे आज भी प्रासंगिक हैं। जैसे, ऊपर से आने वाले तीरों या पत्थरों से बचने के लिए सैनिक अपनी ढालों को सिर के ऊपर और आगे जोड़कर कछुए की पीठ जैसी लोहे की छत बना लेते थे, जिसे टेस्टुडो (Testudo Formation) कहा जाता था। आज दुनिया भर की दंगा पुलिस भीड़ को कंट्रोल करने के लिए प्लास्टिक या धातु की बड़ी ढालों से ठीक इसी तरह शील्ड वॉल (Riot Shield Wall) बनाती है।

इसी तरह, जब सैनिक 20-30 मिनट लड़ने के बाद थक जाते थे, तो सींग या बिगुल बजाकर उन्हें पीछे बुला लिया जाता था और फ्रेश सैनिकों को आगे भेज दिया जाता था। मॉडर्न मिलिट्री में इस तकनीक को रिलीफ इन प्लेस (Relief in Place - RIP) कहा जाता है।

सिर्फ योद्धा ही नहीं, बेहतरीन 'कॉम्बैट इंजीनियर'

रोमन सैनिकों को सिर्फ हथियार चलाना ही नहीं, बल्कि एक प्रोफेशनल इंजीनियर की तरह काम करना भी सिखाया जाता था। वे 20 मील चलने के बाद जहाँ भी रात को रुकते, 3-4 घंटे के अंदर ही गड्ढे खोदकर और लकड़ी की दीवारें बनाकर एक सुरक्षित किला तैयार कर लेते थे, जिसे कास्ट्रा (Castra) कहा जाता था। आज की सेनाओं में अचानक बनाए जाने वाले फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस का आइडिया इसी से आया है।

उनकी बनाई पक्की सड़कें और राइन नदी पर सम्राट सीज़र द्वारा सिर्फ 10 दिनों में बनाया गया लकड़ी का पुल आज भी मिलिट्री इंजीनियर्स को हैरान करता है। आज की कॉम्बैट इंजीनियरिंग टीम ठीक यही काम करती है–जंग के दौरान तुरंत पुल और रास्ते बनाना।

प्रोफेशनल आर्मी और नागरिकता का मॉडल

रोमन साम्राज्य से पहले दुनिया में कोई परमानेंट सैलरी वाली सेना नहीं थी। रोम ने ही सबसे पहले 'स्टैंडिंग आर्मी'  की शुरुआत की, जहाँ एक आम नागरिक 25 साल के लिए सैनिक बनता था और उसे तय सैलरी (Stipendium) मिलती थी। यहाँ तक कि उनके खास जूतों कैलिगे (Caligae) का खर्च भी इसी सैलरी से कटता था।

वहीं जो गैर-रोमन लोग सहयोगी सेना (Auxilia) में शामिल होते थे, 25 साल की सर्विस के बाद उन्हें और उनके परिवार को रोम की नागरिकता मिल जाती थी। आज अमेरिका की मिलिट्री हो या फ्रांस की मशहूर फ्रेंच फॉरेन लीजन (French Foreign Legion), सब इसी रोमन मॉडल पर चलते हैं जहाँ विदेशियों को सेना में सेवा देने के बदले देश की नागरिकता दी जाती है।

निष्कर्ष

आज रोम का साम्राज्य तो नहीं रहा, पर उनका बनाया मिलिट्री ढांचा पूरी दुनिया में इस्तेमाल हो रहा है। चाहे सेना की टफ ट्रेनिंग हो, युद्ध में इंजीनियर्स के अस्थाई कैंप हों, दंगा पुलिस की शील्ड वॉल हो या फिर विदेशी नागरिकों को मिलने वाली नागरिकता नीति–हर जगह रोमन लीजन की ही छाप दिखती है। सच कहें तो, युद्ध जीतने के लिए सिर्फ हथियारों की ज़रूरत नहीं होती; असली ताकत सही मैनेजमेंट, अनुशासन और दूरगामी सोच से आती है। जो रोमन सेना में थी ।